लोकशाहीर अण्णा भाऊ साठे असामान्य प्रतिभा के साहित्यकार

“अण्णा भाऊ साठे” जिनकी स्कुल की प्राथमिक शिक्षा भी पूरी नहीं हुई उनके नाम आज 32 उपन्यास, जिनमें से 7 पर मराठी में बनी फिल्में, 22 कथा संग्रह, 15 लोकनाट्य, नाटिका, तथा नाटक, 15 दीर्घ पोवाडे, प्रवास वर्णन, अनेक कविता तथा साप्ताहिक पत्रिकाओं में प्रकाशित अनेक वार्ता, लेख, मुलाखत आदि साहित्य है. महाराष्ट्र में उन्हें भले ही लोकशाहीर, क्रांतिकारी गीत रचयिता और गायक के रूप में पहचाना जाता है लेकिन वे एक महान प्रतिभाशाली साहित्यकार थे. जिन्होंने, उपन्यास, कथा, प्रवासवर्णन, लोकनाट्य, नाटक, लोकगीत, पवाडा, गीत, लेख, वार्ता, मुलाखत आदि लिखा. यह सब किसी एक शाहिर या लेखक के बस की बात नहीं है. बल्कि एक समर्पित कार्यकर्ता, आंदोलक जिसने साहित्य और कला का आंदोलन के लिए महत्व समझा है वही यह सब कुछ कर सकता है. जानते है आना भाऊ साठे से जुडी महत्वपूर्ण बातें.

>> अण्णा भाऊ साठे का जन्म नाम “तुकाराम” था. उनके पिता का नाम “भाऊ”, माता का नाम “वालू बाई” था. उनके परिवार का कुल नाम “साठे” था. पश्चिम महाराष्ट्र के उस के सतारा जिले के “वलवा” तहसील के “वाटेगाव” में उनका जन्म दिनांक १ अगस्त १९२० को हुआ. आज उनका गांव सांगली जिले में आता है. पश्चिम महाराष्ट्र में घर के बड़े व्यक्ति को “अण्णा” कहकर सम्बोधित करने की रीति है. इसलिए “तुकाराम भाऊ साठे” को घर में प्यार और आदर से “अण्णा” इस नाम से पुकारा जाता था. आगे वही उनका नाम  प्रसिद्ध हुआ – “अण्णा भाऊ साठे”.

>> देश की ब्राह्मणवादी व्यवस्था के तहत उनका जन्म महाराष्ट्र की अछूत “मातंग” जाति में हुआ. अंग्रेजों के क्रिमिनल ट्राइब एक्ट के अंतर्गत देश की सैंकड़ो जातियों की तरह इस सूचि में मांग अथवा मातंग भी सम्मिलित की गयी थी. इस वजह से इलाके में अगर कोई गुनाह होता है तो ऐसी सूचीबद्ध जातियों के घरों पर पुलिस छापेमारी करती थी. बेवजह पुलिस की छापेमारी, गिरफ़्तारी, ज्यादती से पूरा समुदाय परेशान रहता था.

>> खेती से जुडी यह जाति खेती करने लायक जमीन न  होने  के कारण, डोरी या रस्सी बनाना, झाड़ू बनाना, तोरण तैयार करना और  लगाना, शुभ या उत्सव के  समय “हलगी” बजाना जैसे काम किये जाते थे. इस काम से और पुलिस की ज्यादती की वजह से जाति के  लोगों पर  घुमन्तु जीवन आया था. लेकिन यह जाति मूलतः एक लढाऊ जाति है. छत्रपति शिवाजी महाराज की सेना में इस जाति का सहभाग था. आज भी इस इस जाती के लोग तलवार चलना, दंडपट्टा चलाना, कुल्हाड़ी चलाना आदि हथियार के प्रयोग से  वाकिफ हैं. उस्ताद लहुजी सालवे का नाम उनके आखाड़े से प्रसिद्ध है. राष्ट्रपिता ज्योतिबा फूले ने भी उस्ताद लहुजी सालवे के अखाड़े से प्रशिक्षण पाया था.

>> अछूतपन, बस्ती पर पुलिस की  छापेमारी, खेती न होना, मजदूरी न मिलना, गरीबी के कारण अण्णा के पिता भाऊ मुंबई में काम ढूंढने गए. काम मिलाने  के बाद जैसे जैसे पैसे जमा होते थे वे गाँव मनीऑर्डर भेजा करते थे. इस  सारी परिस्थिति के कारण अण्णा का प्राथमिक शिक्षण भी नहीं हो सका.

>> अण्णा भाऊ साठे के रिश्तेदारों के तमाशा के दल थे. गीतसंगीत, सवालजवाब, इतिहास की कहानिया इससे यह तमाशा प्रसिद्ध थे. उनके इर्दगिर्द सामाजिक, राजनैतिक आर्थिक और सांस्कृतिक परिस्थिति का तुकाराम अर्थात अण्णा पर प्रभाव पड़ा. वे काव्य तैयार करना, कथा को तैयार कर उसे बताना,  पवाडा गाना, इन बातों को बचपन में ही सिख गए थे. वे गीतसंगीत के वाद्य हारमोनियम, सारंगी, बुलबुलतरंग, तबला, ढोलकी जैसे वाद्य बजाते थे. साथ ही ऊँचे स्वर में गाते भी. इसके अलावा उन्हें तलवार, वीटा, दांडपट्टा, कुल्हाड़ी जैसे शास्त्र चलाना और उसके कर्तब करना भी आता था.

>> इन तमाशा कार्यक्रमों का उसवक्त के क्रन्तिकारी कार्यकर्ता जागृति भाषण देने के लिए करते थे. ऐसे ही एक जत्रा में आयोजित तमाशा कार्यक्रम में महाराष्ट्र के प्रसिद्ध क्रांतिकारी क्रांतिसिंह नाना पाटिल का भाषण हुआ था. उस भाषण का गहरा प्रभाव बाल तुकाराम अर्थात  अण्णा पर हुआ. इस भाषण के वक्त पुलिस क्रांतिसिंह नाना पाटिल  को पकड़ने आयी थी लेकिन वे पुलिस के हाथ नहीं लगे. 

>>  ऐसे प्रतिभा के धनी अण्णा भाऊ साठे की माता वालूबाई बच्चों को लेकर अपने पति भाऊ साठे के साथ जीवन बसर करने मुंबई चल पड़ी. वाटेगाव से मुंबई तक का सैंकड़ो किलोमीटर का प्रवास उन्होंने  पैदल ही शुरू किया. पुणे शहर तक उनका प्रवेश बड़ा ही कठिन, डरावना और  समस्याओं से भरा था. जो भी काम मिले करना और खाने का सामान जुटाकर आगे बढ़ना यह तरीका  था. पुणे आने  के बाद अण्णा ने  कुली का  काम किया. वहीँ उनको  रेल में कोयला  भरने का काम मिला. इस काम को करते हुए कुछ पैसे जुटाकर कॉन्ट्रैक्टर को बिना बताये ही वे मुंबई के लिए ट्रैन निकल पड़े.

>> मुंबई में पिता के साथ वे  भायखला के चाँदबीबी की चाल में एक जीने के निचे बने कमरे में लगे. मुंबई में अन्ना भाऊ साठे ने कई काम किये. घुमघुम कर मुहल्लों में कपडे बेचना, होटल में वेटर, कुली, बूट पोलिश, खान मजदुर, मिल मजदुर, पाइप फिटर, सिनेमा घरों में डोर कीपर, झाड़ू  बनाना, आदि काम किये.

>> जब मुंबई में आये तब अन्ना भाऊ साथे चौदह पंद्रह की उम्र के थे. बचपन से ही लखन, गीतसंगीत कला और साहस प्रतिभा के धनी, गरीब मजदूर अण्णा की मुलाकात वहां के कम्युनिस्ट पार्टी के यूथ विंग के लोगो से हुयी. उनकी प्रतिभा और परिस्थिति पर  उनके विचारों से युथ  विंग के लोगों ने उन्हें पार्टी के कार्य में जुटाया. तथा  कला पथक के कार्य में भी जोड़ा.

>> मुंबई भले ही उस वक्त भी महत्वपूर्ण आर्थिक, राजनैतिक शहर था लेकिन यहाँ भी  बेरोजगारी, भुखमरी, शोषण, जातीय एवं धार्मिक दंगे, मीलों के हड़ताल, काम बंद आंदोलन, गुनाह्गारी, आदि के कारण यहाँ के बहुसंख्य नागरिकों का जीवन अस्थिर था और समस्या और दुखों से भरा पड़ा था. इस परिस्थिति से  परेशान अण्णा भाऊ साठे  के परिवार को वापस अपने  गाँव लौटना पड़ा.

>>  गांव में वापस आने के बाद अण्णा भाऊ साठे की तबियत ठीक नहीं रहती थी इसलिए वे किसानी या मजदूरी का काम नहीं कर पाते थी. उनके रिश्तेदारों के तमाशा दल के लिए वे काव्य लिखना, लोकनाट्य लिखना, पवाडा गाना आदि काम करने लगे. यहाँ पर भी वे कम्युनिस्ट पार्टी के कार्यकर्ताओं से जुड़े रहें. यहाँ वे लाल बावटा कला पथक अर्थात लाल निशान कला दल के  नाम से शहीर अमर शेख और द ना गव्हाणकार के साथ जागृति कार्य में जुटे रहें. इस कार्य में जुटे रहने के कारण इन दिनों उनका परिवार के साथ ज्यादा संवाद नहीं रहा. परिवार ने  भी उनपर निर्भर रहना छोड़ दिया था. इन दिनों अण्णाभाऊ साथे  ने  कुछ काव्य, नाट्य लिखे.

>>  कम्युनिस्ट पार्टी के  इस कला पथक के कार्य के लिए वे पुणे आये. वहां उनका परिचय कम्युनिस्ट पार्टी की महिला कार्यकर्ता से हुआ. वह अपने पति से  विभक्त रहती थी. दो लड़कियों की इस माता जयवंता बाई  के साथ अण्णा भाऊ साठे  ने मुंबई में मैरेज एक्ट के तहत क़ानूनी तरीके  से विवाह किया. फिर से मुंबई आये अण्णा भाऊ ने  साहित्य लिखा.

>> कम्युनिस्ट कार्यकर्ता होने के नाते 1961 में उन्हें इंडो सोवियत कल्चरल सोसायटी के माध्यम से रशिया जाने का मौका मिला. भारत से जो प्रतिनिधि मंडल रशिया गया था उन में हैदराबाद के डॉ शहा, मैसूर के डॉ दयालु, लखनऊ के कांग्रेस विधायक पुष्कराज, कोलकत्ता के एडवोकेट चटर्जी और चेन्नई के पियानोवादक जॉन थे. शुरू  में यह लोग कम आंक रहे थे. इसलिए उन्हें अलग रखते थे. लेकिन जैसे ही उन्हें पता चला की यह साधारण सा दिखने वाला व्यक्ति बड़ा साहित्यकार है तो वे मन ही मन में लज्जित हुए.

>>  अण्णा भाऊ साठे ने अपने जीवन काल में करीब 32 उपन्यास लिखे. जिसमें साहस, वीरता, महिलाओं की समस्याएं, प्रेम और ग्रामीण जीवन तथा सामाजिक समस्याओं का चित्रण हैं. फकीरा यह उनका सुप्रसिध्द उपन्यास उनके मामा “फकीरा राणोजी मांग”  के जीवन पर आधारित है. उनके उपन्यासों में मंगला, वारणे चा वाघ, मास्तर, अग्निदिव्या, चित्रा, वैजयंता, चन्दन, चिखलातले कमळ, अलगुज, रानगंगा, माकड़ीचा माल, वैर आदि प्रसिद्ध है. उनके उपन्यासों पर आधारित सात मराठी फिल्में भी बनी और चली.

>> इसके अलावा अण्णा भाऊ साठे ने अनेक लघु कथा लिखी. उनकी लघुकथाओं के करीब 22 लघु कथा संग्रह प्रकाशित हुए. जिनमें सामाजिक, ऐतिहासिक, राजनैतिक, अंधश्रद्धा विरोधी, पारिवारिक आदि विषय है. 

>> लघु कथा के साथ ही उन्होंने कई लोक नाट्य, नाटक और नाटिकाएं आदि साहित्य लिखा है. उन्होंने कुल 15 लोक नाट्य लिखें हैं जिनमे से 14 उपलब्ध हैं. अकलेची गोष्ट, माझी मुंबई, यह लोकनाट्य विशेष चर्चित है. देशभक्त घोटाळे, बेकायदेशीर, शेटजी चे इलेक्शन, लोकमंत्र्याचा दौरा आदि नाटक प्रसिद्ध है. काव्य प्रकार में उन्होंने पोवाड़ा, लावणी, पद, गीत, गण, छक्कड़ प्रकार लिखे हैं.

>> उनके पवाडों में – स्तालिनग्राड चा पवाडा, बर्लिन चा पवाडा, पंजाब दिल्ली चा दंगा, तेलंगणा चा संग्राम, महाराष्ट्राची परंपरा, अमलनेरचे अमर हुतात्मे, मुंबई चा गिरनी कामगार, काळ्या बाजाराचा पोवाड़ा चर्चित है. उनके गीतों में – माझी मैना गावावर राहिली, जग बदल घालूनि घाव, शिवारी चला आदि प्रेरणा देती है.

>> उन्होंने कम्युनिस्ट पार्टी के लोकयुद्ध, लोकसाहित्य और युगांतर इन साप्ताहिक पत्रिकाओं के लिए वार्ताहर के रूप में काम किया. इन पत्रिकाओं में उन्होंने लेख लिखें तथा विभिन्न  विषयों पर स्तम्भ लेखन किया. इन पत्रिकाओं के लिए वे  आम लोगों, मजदूरों के साक्षात्कार लेते थे. 

>> उनके साहित्य का अनुवाद भारत के 14 भाषाओँ के साथ साथ विदेश के झेक, पोलित, जर्मन, फ्रेंच, स्लेवोक और रहियाँ भाषाओँ में भी हुआ है. साहित्य और कला के इस महान प्रतिभाशाली नेता पर उनके मृत्यु के बाद कई विद्यार्थियों ने पीएचडी की है. आंदोलन में उनका नाम अमीट है.

>> कला साहित्य के साथ कम्युनिस्ट आंदोलन से जुड़े इस नेता का अंतिम काल बड़ा ही दुखद रहा. इतना  सारा  साहित्य प्रकाशित होने के बावजूद भी अंतिम दिनों में वे गरीबी से जकड गए. बीमारी गरीबी के कारण परेशान रहने के कारण वे मद्यपान के अधिक अधीन हुए. इस बिच उन्हें उनकी दूसरी पत्नि ने उनका साथ छोड़ कर अपनी बेटी के पास चली गयी थी. ऐसे ही असहाय्य परिस्थिति में बीमारी में ही उनका 18 जुलाई 1969 को दुखद निधन हुआ था.

>> कम्युनिस्ट आंदोलन में भले ही अण्णा भाऊ साठे को “कॉमरेड” कहकर पुकारते हैं.  लेकिन फूले आम्बेडकरी आंदोलन में उनके नाम और कार्यकर्तुत्व को अभिमान के साथ गौरवान्वित किया जाता है. भले ही उनका साहित्य भारतीय भाषाओँ में अनुवादित हुआ हो लेकिन बामसेफ संगठन ने उनका नाम और कार्य देश भर में जन जन तक फैलाया है. फूले आम्बेडकरी आंदोलन से उनके भावनिक नाते से ही उन्होंने बाबासाहेब आंबेडकर के महापरिनिर्वाण पर “जग बदल घालूनि घाव” यह आदरांजलि और प्रेरणादायी काव्य लिखा. मातंग जाति में अण्णा भाऊ साठे का नाम एक अस्मिता  के  रूप में लिया जाता है। लेकिन केवल  अस्मिता  के रूप  में  ही  यह नाम लेना  काफी  नहीं  है। जाति व्यवस्था को जड़मूल से उखाड़  फेकने के लिए फूले आम्बेडकरी आंदोलन में बढ़चढ़कर हिस्सा लेना  नेतृत्व करना आवश्यक है। अण्णा भाऊ साठे के यह बोल हमेशा हमें याद रहने चाहिए – “प्रहार कर बदल दुनिया, भीमराव ने यह बताया है”, “पृथ्वी शेष नाग के सर पर नहीं बल्कि मजदूरों के हथेली पर टीकी है” “यहआझादी झूठी है देश की जनता भूखी है.” 

प्रदीप सुशीला प्रल्हाद

नागपुर, महाराष्ट्र

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here