आने वाला वर्ष 2022 विधानसभा चुनावों का वर्ष है। पंजाब, उत्तरप्रदेश, उत्तराखंड, गुजरात, गोवा, मणिपुर इन राज्यों में चुनाव होने हैं। पंजाब, उत्तराखंड के साथ साथ गोवा और मणिपुर का कार्यकाल मार्च 2022 को समाप्त हो रहा है जबकि उत्तर प्रदेश का कार्यकाल 15 मई 2022 तक है। गुजरात विधानसभा की अवधि दिसम्बर 2022 तक है। ऐसे में सभी पार्टियों ने इन राज्यों में चुनाव की तैयारी शुरू की है।
कई पार्टियों ने अपने अपने वोटों के ध्रुवीकरण की रणनीति पर काम करना शुरू किया है। पारम्परिक शासक जातियों की पार्टियां हमेशा चुनाव के कुछ दिन पहले ही अपने उम्मीदवारों के नाम घोषित करने की नीति पर काम करती हैं। वजह यह होती है कि कहीं पार्टी में बगावत न हो।
लेकिन पीपल्स पार्टी ऑफ इंडिया डेमोक्रेटिक अर्थात पीपीआईडी ने पंजाब विधानसभा 2022 के मद्देनजर अपने उम्मीदवारों की पहली सूचि जारी कर चुनावी बिगुल फूँक दिया है। बिते शनिवार 6 नवम्बर 2021 को पीपीआईडी की राज्य इकाई ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस कर अपनी पहली सूचि जारी की है। पहली सूचि में 13 उम्मीदवारों का चयन किया गया है।
पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष हंसराज समरा की अध्यक्षता में डॉ.अंबेडकर भवन, लुधियाना में प्रैस कांफ्रेंस आयोजित की गई। प्रैस को संबोधन के दौरान पीपीआईडी राज्य अध्यक्ष हंसराज समरा ने कहा कि भारतीय संविधान को पूरी तरह लागू करने के उद्देश्य से मूलनिवासी बहुजन को सत्तासीन करना जरुरी है। जिन लोगों ने 70 वर्षों से संविधान को सही रूप से लागो नहीं किया, उन्हें हटाने की जरूरत है।
आपको बता दें कि हाल ही में 31 अक्टूबर 2021 को पीपीआईडी ने अपने तीसरा स्थापना दिवस मनाया है। इस पृष्ठभूमि पर हंसराज समरा ने बताया कि पुरे देशभर में पीपीआईडी तेजी से संगठनात्मक यंत्रणा स्थापित कर रही है। पंजाब में आने वाले चुनावों में हम पूरे दमखम के साथ चुनाव लड़ने जा रहे हैं।
इस प्रेस कॉन्फ्रेंस में पीपीआईडी प्रदेशाध्यक्ष हंसराज समरा ने पंजाब विधानसभा चुनाव 2022 के लिए पार्टी के 13 प्रत्याशियों की पहली लिस्ट जारी की।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में राष्ट्रीय कार्यकारिणी की ओर से बिहारी लाल गिंडा, चुनाव लड़ने जा रहे सभी प्रत्याशी, प्रदीप सिंह गुरप्रीत सिंह, श्री हरगोबिंदपुर से कश्मीर कौर सलाहकार, परमजीत कौर लेडीज विंग ब्लॉक प्रेसिडेंट, कुलविंदर कौर सचिव, शांति सर्कल प्रधान, मुख्तार सिंह प्रधान घुमाना, सुरजीत सिंह शहरी प्रधान, भूपिंदर सिंह और पार्टी के कई अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।
पीपीआईडी ने जारी की लिस्ट के अनुसार पार्टी के राज्य महासचिव डा.बृजेश कुमार बंगड़ लुधियाना के गिल (आरक्षित) विधानसभा से चुनावों में प्रत्याशी होंगे। गढ़शंकर से गुरबिंदर सिंह सोनू, साहनेवाल से दलबीर सिंह, दाखा से करमजीत सिंह, पायल से लखबीर सिंह, लुधियाना (पूर्वी) से चरण सिंह, लुधियाना (उत्तरी) से अवतार सिंह, लुधियाना (दक्षिण) से बलजीत सिंह, जालंधर कैंट से सुखजिंदर कुमार, श्री हरगोबिन्दपुर ( आरक्षित) से मुखतार सिंह, सरदूलगढ़ से बिक्कर सिंह, अमृतसर (उत्तरी) से महेश कुमार, लुधियाना सेंट्रल से एडवोकेट रमिंदर पाल सिंह को पीपल्स पार्टी आफ इंडिया (डैमोक्रेटिक) ने मैदान में उतारा है।
पार्टी के प्रदेश महासचिव डा.बृजेश बंगड़ ने बताया कि उम्मीदवारों के चयन में उनका सामाजिक व्यवहार, फुले अंबेडकर विचारधारा से जुड़ाव और मूलनिवासी बहुजन समाज को सत्तासीन बनाने के संकल्प को आधार बनाया गया है। तथा पार्टी द्वारा जल्द ही प्रत्याशियों की दूसरी सूचि केन्द्रीय कार्यकारिणी को भेजी जाएगी और उनकी सहमति के बाद मीडिया में जारी करेगी।







