महाराष्ट्र के अमरावती जिले के धारणी तहसील स्थित हरिसाल वनपरीक्षेत्र की एक महिला अधिकारी ने गुरुवार शाम पने सरकारी क्वार्टर में खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली।
इस घटना से धारणी के साथ साथ महाराष्ट्र के प्रशासन में खलबली मची है। आत्महत्या करने वाली महिला वन परिक्षेत्र अधिकारी का नाम दीपाली चौहान है।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक धारणी से 20 किलोमीटर दूरी पर स्थित सिपणा वन्यजीव विभाग के हरिसाल वन परिक्षेत्र में दीपाली चौहान आरएफओ के रूप में पिछले डेढ़ साल से कार्यरत थी। उसके पूर्व धूलघाट रेलवे वनक्षेत्र अधिकारी के रूप में उन्होंने काम किया था।
गुरुवार को पूरा दिन काम करने के बाद उन्होंने अपनी सरकारी क्वार्टर में शाम को सरकारी रिवाल्वर से खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली।
जानकारी मिलते ही पुलिस और वन विभाग के अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे और जांच शुरु की है।
जानकारी के मुताबिक धारणी पुलिस को घटनास्थल से सुसाइड नोट भी मिला है।
मिली जानकारी के अनुसार सुसाइड नोट में अपने वरिष्ठ अधिकारी द्वारा प्रताड़ित करने की बात लिखी है।
इस बात की चर्चा है कि उन्हें उनपर लगे आरोपों के चलते उनके वरिष्ठ अधिकारीयों द्वारा प्रताड़ित किया जाता था।
आपको बता दें की विभिन्न प्रशासनों में वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा अपने जूनियर को सताने, किसी केस में फसाने और प्रताड़ित करने की खबरें नई नहीं है।
सामान्य नागरिकों को भ्रष्टाचार और प्रताड़ना या किसी को बेवजह किसी केस में फंसाने की बातें आम लगती है, क्योंकि मनोरंजन के नाम पर उन्हें फिल्मों सीरियलों के माध्यम से यही परोसा जाता है।
लेकिन जब एक महिला अधिकारी अगर इस प्रकार के जाल में फंस जाती है और वह अपने वरिष्ठ अधिकारियों पर आरोप लगाती है और अपने जीवन को समाप्त करती है तो सभी को इसे गंभीरता से लेने की आवश्यकता है।







