कुशीनगर : तथागत बुद्ध महापरिनिर्वाण स्थली के 16 जून से होंगे दर्शन।

पुरातात्विक ऐतिहासिक धरोहर बुद्ध महापरिनिर्वाण स्थली कुशीनगर आम लोगों के लिए आगामी 16 जून को खुलने जा रहा हैं। 

बता दें कि उत्तर प्रदेश के कुशीनगर जिला पुरे विश्वभर में इसलिए महत्वपूर्ण है क्योंकि यहीं तथागत बुद्ध का महापरिनिर्वाण हुआ था। यहां देश विदेश से बुद्ध मार्ग के अनुयायी और पर्यटक आते हैं। यह स्थान अंतरराष्ट्रीय पर्यटन स्थलों में से एक है।

करोना के दूसरी लहर के चलते बुद्ध महापरिनिर्वाण स्थली के साथ साथ सभी ऐतिहासिक धरोहरों को पर्यटकों के लिए 15 जून तक बंद करने के आदेश पारित हुए थे। जिसके बाद महापरिनिर्वाण विहार और अन्य पर्यटन स्थलों पर ताले लटका दिए गए थे। खबरों के अनुसार यह 16 जून को खोल दिये जायेंगे। पिछले एक वर्ष से यह क्षेत्र सुनसान रहा है।

अंतर्राष्ट्रीय पर्यटन और श्रद्धास्थान के यह स्थल बंद होने के कारण यहां पर्यटन एवं आतिथ्य से जुड़े अनेक व्यापार कार्य बंद हो गए थे, जो पुनः शुरू हो सकते हैं। इसके चलते अनेक लोगों को पुनः काम मिलने की आशा है। यह उम्मीद की जा रही है कि कोरोना काल के द्वितीय लहर के बाद सूनी हो चुकी कुशीनगर की रौनक पुनः लौट आएगी। वहीं यहां आने वाले पर्यटकों और श्रद्धालुओं को कुशीनगर स्थित धरोहरों के दर्शन हो सकेंगे। 

उत्तर प्रदेश के कुशीनगर स्थित महापरिनिर्वाण स्तूप पूरी दुनिया में बौद्ध धर्म के सबसे महत्वपूर्ण स्तूपों में से एक माना जाता है। इस स्तूप में तथागत बुध्द की अस्थि अवशेष रखी गयी है। तथागत बुद्ध के महापरिनिर्वाण के 2500 वर्ष होने पर एक अंतराष्ट्रीय उत्सव के अवसर पर, यहां वर्तमान विहार का निर्माण 1956 में, भारत सरकार ने कराया था।

कुशीनगर में तथागत बुद्ध की 6.1 मीटर ऊंची मूर्ति लेटी हुई मुद्रा में स्थापित है। यह मूर्ति उस काल को दर्शाती है जब 80 वर्ष की आयु में तथागत  बुद्ध ने महापरिनिर्वाण किया था। तथागत बुद्ध की इस मूर्ति को लाल बलुआ पत्थर के एक ही टुकडे से बनाया गया है। इस मूर्ति में तथागत को पश्चिम दिशा की तरफ देखते हुए दर्शाया गया है।

कुशीनगर में तथागत भगवान बुद्ध के महापरिनिर्वाण से जुड़े तीन प्रमुख स्थान है, प्रथम आसन स्थल जिसे माथा कुंवर मंदिर कहा जाता है, अंतिम उपदेश स्थल जिसे महापरिनिर्वाण विहार कहा जाता है और दाह संस्कार स्थल जिसे रामाभार स्तूप कहा जाता है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here