भारत निर्वाचन आयोग ने गुरुवार को उत्तर प्रदेश विधान परिषद के स्नातक और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों के 11 सीटों के लिए चुनावों की घोषणा की है। इस घोषणा के साथ ही नामांकन प्रक्रिया भी शुरू हो गयी है। विधान परिषद के स्नातक निर्वाचन के 5 खंड और शिक्षक निर्वाचन के 6 खंडों के लिए चुनाव होगे।
इन निर्वाचन क्षेत्रों के प्रतिनिधियों का कार्यकाल मई में ही समाप्त हो चुका था। लेकिन कोरोना महामारी के चलते चुनाव छह महीने तक टाल दिए गए थे। अब मतदान 1 दिसम्बर को होगा।
अधिसूचना जारी होने के साथ ही नामांकन प्रक्रिया शुरू हो गई है। नामांकन पत्र दाखिल करने की आख़िरी तारीख़ 12 नवंबर है। 13 नवंबर को नामांकन पत्रों की ज़ांच होगी और 17 नवंबर को नाम वापस लेने की अंतिम तारीख़ है। एक दिसंबर को मतदान सुबह आठ बजे से शाम पांच बजे तक होगा। मतों की गणना तीन दिसंबर को होगी।
जिन सीटों पर द्विवार्षिक चुनाव होंगे, उनमें लखनऊ मंडल, वाराणसी मंडल, आगरा मंडल, मेरठ मंडल और इलाहाबाद-झांसी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र और लखनऊ मंडल, वाराणसी मंडल, आगरा मंडल, मेरठ मंडल, बरेली-मुरादाबाद मंडल और गोरखपुर-फैजाबाद मंडल खण्ड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र शामिल है।








